बीके अस्पताल में अवैध पार्किंग, ऐम्बुलेंस को नहीं मिल रहा रास्ता

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
n गुनगुन शर्मा, फरीदाबाद

बीके अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रखने के लिए पिछले साल ही अस्पताल परिसर में निजी वाहनों की एंट्री रोकने और मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षाकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अस्पताल परिसर में अवैध पार्किंग की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। हालात यह हैं कि अब मरीजों को लेकर पहुंचने वाली ऐम्बुलेंस को भी अस्पताल परिसर से बाहर निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल रहा। सोमवार को एक ऐम्बुलेंस के सामने वाहन खड़े होने के कारण चालक को गाड़ी आगे मोड़ने के बजाय बैक करके निकालनी पड़ी। इस तरह की स्थिति में कई बार 10 से 15 मिनट ऐम्बुलेंस निकालने में लग जाते हैं। ऐसे में गंभीर मरीजों की जान पर भी खतरा बन सकता है। सवाल यह है कि जब अस्पताल में ऐम्बुलेंस के लिए रास्ता खुला रखने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके हैं तो फिर इनका पालन क्यों नहीं कराया जा रहा? सैनिक कॉलोनी निवासी नतिशा ने बताया कि अस्पताल आने वाले लोगों को बाइक साइड में लगानी चाहिए। सेक्टर 8 निवासी राजेश कुमार ने बताया कि लोगो को खुद समझना चाहिए कि उन्हें अपने वाहन कहां खड़े करने है। जिला अस्पताल पीएमओ कार्यकारी विकास गोयल ने बताया कि अस्पताल में दो-दो गार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। इसके बावजूद लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।