डंडों से हमला करने वाले पिता-पुत्र को चार-चार साल कैद

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: मानेसर के गांव कुकरौला में गली की नाली में ट्रैक्टर फंसने को लेकर हुए मामूली विवाद में पड़ोसी पर लाठी से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में कोर्ट ने दोषी पिता-पुत्र को चार-चार साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कौशिक की कोर्ट ने दोनों दोषियों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माना राशि जमा न करने की स्थिति में दोनों को एक-एक महीने की अतिरिक्त साधारण कैद भुगतनी होगी। मामला दो अप्रैल 2025 की रात का है। कुकरौला निवासी सतीश कुमार ने मानेसर पुलिस को बताया था कि वह बेटे गजेंद्र के साथ सरसों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर खेत से घर लौट रहे थे। रात आठ से नौ बजे के बीच घर के पास गली में उनकी ट्रॉली नाली में फंस गई। नीचे पत्थर आने के कारण उन्होंने उसे हटाकर सड़क किनारे रख दिया। इसे लेकर पड़ोसी वीरेंद्र गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने बेटे स्वरूप उर्फ सौरभ को डंडा लेकर बुला लिया। इसके बाद स्वरूप ने गजेंद्र के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जबकि वीरेंद्र ने उसके माथे पर हमला किया।