ग़ुलामों के पसीने से बनी औद्योगिक ताक़त

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
अभिषेक मिश्र

ब्रिटेन की औद्योगिक क्रांति ने 18वीं-19वीं सदी में उसे दुनिया की बड़ी आर्थिक और औद्योगिक ताकत बना दिया। इस दौरान मशीनों, कारखानों, रेलवे और आधुनिक तकनीक का तेजी से विकास हुआ। लेकिन, इस तरक्की के पीछे गुलाम बनाए गए लाखों अफ्रीकी लोगों का शोषण भी शामिल था। औद्योगिक विकास के साथ ब्रिटेन में कपास, चीनी, तांबे और दूसरे कच्चे माल की मांग बढ़ने लगी। इसे पूरा करने के लिए ब्रिटिश कारोबारियों ने दुनिया के कई देशों में अपना व्यापार फैलाया। इस दौरान अफ्रीका से लाखों लोगों को जबरन जहाजों में भरकर अमेरिका और कैरेबियाई देशों में ले जाया गया। वहां उनसे खेतों, खदानों और कारखानों में बेहद कठिन परिस्थितियों में काम कराया जाता था। इस तरह गुलामी और उससे होने वाली कमाई ब्रिटेन की औद्योगिक और आर्थिक तरक्की का भी हिस्सा बन गई।
गुलामी का सिलसिला । ब्रिटेन ने 1807 में गुलामों के व्यापार पर प्रतिबंध लगा दिया था। लंबे अरसे से चल रहे गुलामी विरोधी आंदोलन की वजह से 1833 में उसने अपने साम्राज्य के ज्यादातर हिस्सों में गुलामी खत्म करने का कानून भी बनाया। हालांकि इसका असर ब्रिटिश कारोबारियों के कामकाज पर नहीं पड़ा। वे दूसरे देशों में गुलामी से जुड़े कारोबार में निवेश करते रहे और मुनाफा कमाते रहे।

नाकाम समझौता । क्यूबा इसका बड़ा उदाहरण था। तब क्यूबा पर स्पेन का शासन था। वहां कॉफी के बड़े-बड़े बागानों में गुलाम बनाए गए अफ्रीकी लोगों से काम कराया जाता था। 1817 में ब्रिटेन के दबाव में स्पेन ने अफ्रीकी लोगों की तस्करी रोकने के लिए समझौता किया। इसके बावजूद अधिकारियों ने इस पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए। नतीजतन, अवैध तरीके से लोगों को क्यूबा लाने का सिलसिला बदस्तूर जारी रहा। 1859 में ही करीब 25 हजार अफ्रीकी लोगों को गुलाम बनाकर वहां लाया गया।

नर्क-सी खदानें । 1840 के दशक में ब्रिटेन के लिए क्यूबा तांबे का सबसे बड़ा विदेशी स्रोत था। सैंटियागो डी क्यूबा के पास एल कोब्रे की खदान से बड़ी मात्रा में तांबा निकाला जाता। इसकी जरूरत मैनचेस्टर के कपड़ा उद्योग, रेलवे और टेलीग्राफ के विस्तार में थी। हालांकि खदान में पुरुषों को गुलाम बनाकर काम कराया जाता था। उन्हें जेल जैसी परिस्थितियों में रखा जाता और उनके साथ मारपीट भी की जाती। इस कारोबार में बैंक ऑफ इंग्लैंड के तत्कालीन निदेशक चार्ल्स पास्को ग्रेनफेल और विलियम थॉम्पसन भी संलिप्त थे। ग्रेनफेल खनन कंपनी का साझेदार था, जबकि थॉम्पसन तांबा निर्यात करने वाली कंपनी का निदेशक। इस कारोबार से निवेशकों को भी मोटा मुनाफा हुआ। 1836 से 1865 के बीच हर 40 पाउंड के शेयर पर 102 पाउंड का लाभांश मिला।

कमजोर कानून । ब्रिटेन में गुलामी खत्म होने के बाद भी वहां के कारोबारियों को दूसरे देशों में इस व्यवस्था से मुनाफा कमाने से रोकना आसान नहीं था। 1843 में ब्रिटिश नागरिकों को विदेशों में गुलाम बनाए गए लोगों का मालिक बनने से रोकने के लिए कानून बनाने की पहल हुई। ब्राजील और क्यूबा में ब्रिटिश खनन कंपनियों की जांच में ऐसे मामले सामने भी आए। हालांकि कारोबारियों के दबाव में कानून को कमजोर कर दिया गया। कंपनियों को गुलाम मजदूरों को अपने पास रखने और उनसे काम कराने की छूट मिल गई।

क्रांति से आजादी । एल कोब्रे की खदान में गुलामी की व्यवस्था 1868 में खत्म हुई। उस साल क्यूबा के क्रांतिकारियों ने स्पेन की सेना को हराकर शहर पर कब्जा कर लिया और खदान में काम करने वाले गुलाम लोगों को आजाद कर दिया। इनमें से कई बाद में क्यूबा की मुक्ति सेना में शामिल हो गए। इससे पता चलता है कि ब्रिटेन की औद्योगिक तरक्की में मशीनों और तकनीक के साथ गुलाम मजदूरों के शोषण, औपनिवेशिक नियंत्रण और सस्ते कच्चे माल की भी अहम भूमिका थी।