संकल्प की शक्ति

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
ऑस्ट्रिया के प्रसिद्ध मनोचिकित्सक, न्यूरोलॉजिस्ट और लेखक Viktor Emil Frankl का मानना था कि जीवन में अर्थ और उद्देश्य की तलाश इंसान को सबसे कठिन परिस्थितियों से लड़ने की ताकत देती है। द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान 1942 में नाजियों ने फ्रेंकल और उनके परिवार को गिरफ्तार कर यातना शिविरों में भेज दिया। उस समय वह अपनी एक महत्वपूर्ण पुस्तक की पांडुलिपि तैयार कर चुके थे। उन्होंने उसे अपने ओवरकोट के अस्तर में छिपा रखा था। लेकिन, यातना शिविर पहुंचते ही उनके कपड़े छीन लिए गए। लेकिन फ्रेंकल ने हार नहीं मानी और पुस्तक दोबारा लिखने का संकल्प लिया। यातना शिविर की अमानवीय परिस्थितियों में भी वह अपने विचारों को मन में दोहराते और कागज पर नोट करते रहते। 1945 में मुक्ति मिलने के बाद वह वियना लौटे और अपनी पुस्तक नए सिरे से लिखी। 1946 में इसका प्रकाशन हुआ। आगे चलकर यही पुस्तक 'Man's Search for Meaning ' के नाम से दुनिया भर में प्रसिद्ध हुई। फ्रेंकल का जीवन बताता है कि परिस्थितियां बहुत कुछ छीन सकती हैं, लेकिन संकल्प नहीं छीन सकतीं।