ऑनलाइन चाकू मंगवाकर 9वीं के स्टूडेंट पर हमला

नवभारतटाइम्स.कॉम•
ऑनलाइन चाकू मंगवाकर 9वीं के स्टूडेंट पर हमला
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

नॉर्थ ईस्ट जिले के खजूरी खास इलाके में कैप फाड़ने का बदला लेने के लिए दसवीं क्लास के एक स्टूडेंट ने नौवीं के स्टूडेंट पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने 16 वर्षीय स्टूडेंट के पेट, सीने, कमर और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों पर 12 वार किए। घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद हुआ है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने चाकू ऑनलाइन मंगवाया था।
पुलिस के मुताबिक, घायल छात्र मोहम्मद अयान (16) परिवार के साथ श्रीराम कॉलोनी में रहता है। वह इलाके के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता है। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह घर से स्कूल के लिए निकला था। करीब 12:50 बजे पुलिस को सूचना मिली कि स्कूल के बाहर एक छात्र ने दूसरे छात्र पर चाकू से हमला कर दिया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो अयान घायल हालत में मिला। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ रखा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर चाकू बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले अयान ने उसकी कैप फाड़ दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इस घटना से नाराज होकर उसने अयान से बदला लेने की योजना बनाई। इसके लिए उसने ऑनलाइन चाकू मंगवाया और कई दिनों से हमले का मौका तलाश रहा था। बुधवार को स्कूल के बाहर अयान को अकेला देखकर उसने हमला कर दिया।