मालदीव की धुनों में गूंजा बॉलिवुड, कजाकिस्तान के सुरों ने मोहा मन
मालदीव की धुनों में गूंजा बॉलिवुड, कजाकिस्तान के सुरों ने मोहा मन
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ : यूपी दर्शन पार्क में चल रहे जनजाति भागीदारी उत्सव में बुधवार को देश-विदेश की लोकसंस्कृतियों और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। मालदीव के कलाकारों की धुनों में बॉलिवुड का रंग घुला तो कजाकिस्तान के कलाकारों ने पारंपरिक संगीत से अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। इनके साथ विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय कलाकारों ने लोकनृत्य और पारंपरिक वाद्ययंत्रों से दर्शकों का मन मोह लिया।
जनजातीय नृत्यों में परंपराओं की झलक : उत्सव में पीलीभीत की थारू जनजाति के कलाकारों ने जीजी नृत्य के जरिए फसल भगवान को समर्पित करने और सुख-समृद्धि की कामना की परंपरा दिखाई। ओडिशा की बोंडा जनजाति के कलाकारों ने पूष, फागुन और दशहरा परब के उल्लास को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। सोनभद्र के कलाकारों ने करमा नृत्य से त्योहारों और खुशहाली का संदेश दिया। राजस्थान के सुगनराम ने पारंपरिक वाद्ययंत्र रावणहत्था का वादन किया। वहीं, सोनभद्र के कलाकारों ने गजाधर के निर्देशन में डोमकच नृत्य के जरिए शादी-ब्याह के उल्लास और ग्रामीण जीवन को मंच पर उतारा।'अबुआ दिशोम, अबुआ राज' से गूंजा मंच : उत्सव में रांची की नाट्य संस्था मैट्रिक्स ने 'बिरसा मुंडा-धरती आबा' नाटक का मंचन किया। अभिराज कुमार के लेखन और निर्देशन में हुई प्रस्तुति में बिरसा मुंडा के बचपन से लेकर अंग्रेजों के खिलाफ छेड़े गए उलगुलान तक की कहानी दिखाई गई। नाटक में अंग्रेजों, जमींदारों और महाजनों के अत्याचारों के खिलाफ आदिवासी संघर्ष को जीवंत किया गया। 'अबुआ दिशोम, अबुआ राज' यानी अपना देश, अपना राज के नारे के जरिए जल, जंगल और जमीन पर अधिकार तथा आदिवासी अस्मिता की रक्षा का संदेश दिया गया। नाटक में अभिराज, पूजा, चंपू, सुमंत, अवनीश, दीपक, सुनील, बादल, बिनीता, वर्षा, मनीषा, राजू, सोनाली, शिवांग चौबे और लावण्या कुमारी ने अभिनय किया।