‘लापता’ हेड कॉन्स्टेबल मिला, 2.5 करोड़ का गोल्ड गायब
‘लापता’ हेड कॉन्स्टेबल मिला, 2.5 करोड़ का गोल्ड गायब
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n अश्वनी शर्मा, नई दिल्ली
अमर कॉलोनी थाने के मालखाने से ढाई करोड़ का गोल्ड गायब था। तफ्तीश में खुलासा हुआ कि शाहीन बाग थाने में ट्रांसफर हुए हेड कॉन्सटेबल ने इसे अंजाम दिया है, जो 29 अक्टूबर से ड्यूटी से नदारद मिला। परिजनों की आखिरी बार 3 नवंबर को उससे बात हुई थी। तब उसने खुद को थाने में बताया था। महकमे को बदनामी से बचाने के लिए गुपचुप तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन हेड कॉन्स्टेबल हत्थे नहीं चढ़ा तो हार कर 13 नवंबर को गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज हुआ। मालखाने से गायब ढाई करोड़ के गोल्ड का जिक्र तक नहीं किया गया।आखिरकार बुधवार को आरोपी हेड कॉन्स्टेबल संदीप कुमार राजस्थान में मिल गया, लेकिन मालखाने से गायब गोल्ड उससे बरामद नहीं हो सका। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी जूलरी बरामद नहीं होना पुलिस की जांच और थाने के मालखाने की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, संदीप कुमार 2023 से अमर कॉलोनी थाने में कार्यरत था और मालखाने का इंचार्ज था। करीब पांच महीने पहले उनका ट्रांसफर शाहीन बाग थाने में हो गया था, लेकिन इसके बावजूद अमर कॉलोनी थाने के मालखाने का चार्ज उसके के पास था। वहीं इस मामले में पुलिस की कार्रवाई की टाइमिंग भी सवालों के घेरे में है। 3 नवंबर को सुदीप का परिवार से संपर्क टूट गया था। 4 नवंबर को वह बिना बताए थाने से चला गया। उसकी वैगनआर कार थाने के बाहर खड़ी मिली थी। अमर कॉलोनी थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज करने में करीब 10 दिन क्यों लगे? इस दौरान पुलिस ने उसकी तलाश के लिए क्या कदम उठाए? क्या शुरुआती जांच में मालखाने से जूलरी गायब होने का पहलू सामने नहीं आया था या इसे गंभीरता से नहीं लिया गया?
सूत्रों के अनुसार, संदीप की तलाश के दौरान उसकी एक कॉल पुलिस के लिए अहम सुराग बनी। इसी कड़ी के आधार पर पुलिस बुधवार को राजस्थान पहुंची और उसे गिरफ्तार किया। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद भी गायब जूलरी का पता नहीं चल पाया है। अब पुलिस जांच में जुटी है कि मालखाने से जूलरी कब और कैसे गायब हुई। पुलिस संदीप से पूछताछ कर रही है।