मेहनत का ज़माना

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
'कुछ भी कहिए, पॉलिटिक्स में मेहनत बहुत है। यहां लोग अपने घर में सबको राजी नहीं कर पाते। नेताओं को तो कितना कुछ सेट करना पड़ता है।' सुबह-सुबह पार्क में मिले श्रीमान क ने मास्क ठीक करते हुए कहा। 'हां, सेटिंग गेटिंग का ही तो फॉर्म्युला है। पर हमेशा ऐसा नहीं था।' मैंने समझाने की गरज से कहा और सोचा कि आज एक किस्सा सुना ही दूं श्रीमान क को।

'एक हमारे शिब्बन लाल सक्सेना जी होते थे। जब चुनावों में नेहरू जी के आगे सब पानी भर रहे थे, तब सक्सेना जी कांग्रेस को हराकर सांसद बनते रहे। वह भी तब, जब सक्सेना नामधारी बमुश्किल दो-तीन परिवार थे उनके महाराजगंज में। बाकी सभी कायस्थ लोग उस पूरे लोकसभा क्षेत्र में उतने ही रहे, जितना हाई बीपी वालों की दाल में नमक होता है।' श्रीमान क को बड़े गौर से सुनते देख मैंने पूछा, 'समझ रहे हैं कि सियासत का बैंड किस तरह बजाया गया है और बजाया जा रहा है? सबको अपनी जाति और अपने धर्म का नेता चाहिए। इससे कम पर राजी हो जाएं, तो चमत्कार ही है।'
श्रीमान क ने हामी भरी, तो मैंने अगली लाइन जोड़ी।, 'और हां, सक्सेना जी स्वतंत्रता सेनानी थे, भारत छोड़ो आंदोलन वाले, नेपाल तक में लड़ने वाले, गोली खाने वाले, अंडा सेल में कैद होने वाले, गोरखपुर के कॉलेज में गणित पढ़ाने वाले, कई कॉलेज खोलने वाले, हर एक में बिना घूस और बिना बिरादरी देखे नियुक्ति करने वाले, एक जीप से चुनाव प्रचार करने वाले। उसी जीप के बोनट पर बैठे सक्सेना जी को गांव वाले शिव बाबा कहकर अपने बच्चों को उनकी गोद में रख देते थे, दुअन्नी-चवन्नी चढ़ाते थे और वह उन्हें झोले में भर लेते थे, चुनाव खर्च चलाने के लिए। आजकल देखिए, किसका झोला कितना बड़ा है और कैसे भरता है?'