दुर्लभ ब्लड ग्रुप और ऐंटीबॉडी की पहले ही मिलेगी जानकारी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
n NBT न्यूज, लखनऊ : गर्भावस्था के दौरान मां और गर्भस्थ शिशु के ब्लड ग्रुप में असमानता या मां के शरीर में बनने वाली एंटीबॉडी कई बार बच्चे की सेहत के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। इससे गर्भ में बच्चे की ग्रोथ प्रभावित होने से लेकर उसकी मृत्यु तक की आशंका रहती है। ऐसी जटिलताओं की समय रहते पहचान के लिए क्वीन मेरी अस्पताल में इम्यूनोहेमेटॉलजी लैब शुरू की जाएगी। इसमें सभी गर्भवती महिलाओं के ब्लड सैंपल की जांच होगी, जिससे दुर्लभ ब्लड ग्रुप और शिशु की रक्त कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने वाली एंटीबॉडी का पहले ही पता लगाया जा सकेगा। अस्पताल प्रशासन जनवरी के मध्य तक यह सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

क्वीन मेरी की विभागाध्यक्ष प्रो. अंजू अग्रवाल ने बताया कि इम्यूनोहेमेटॉलजी के तहत आरएच नेगेटिव समेत अन्य दुर्लभ ब्लड ग्रुप की पहचान की जा सकेगी। मां के शरीर में बनने वाली ऐसी एंटीबॉडी का भी पता चलेगा, जो गर्भस्थ शिशु की लाल रक्त कोशिकाओं को नष्ट कर सकती हैं। कई बार गर्भ में बच्चे की ग्रोथ नहीं होने या उसकी मृत्यु के कारण स्पष्ट नहीं हो पाते। ऐसे मामलों में ब्लड ग्रुप से जुड़ी इम्यूनोलॉजिकल समस्या भी एक कारण हो सकती है। नई जांच से ऐसे मामलों की पहचान और बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
ब्लड ट्रांसफ्यूजन में भी मिलेगी मदद : इम्यूनोहेमेटॉलजी जांच का लाभ उन मरीजों को भी मिलेगा, जिन्हें बार-बार या अधिक मात्रा में ब्लड ट्रांसफ्यूजन की जरूरत पड़ती है। ब्लड ग्रुप से जुड़ी एंटीबॉडी और संभावित जटिलताओं की जानकारी होने पर मरीज को ट्रांसफ्यूजन के दौरान होने वाली परेशानियों से बचाने में मदद मिल सकेगी। प्रो. अंजू अग्रवाल के अनुसार, लैब के लिए उपकरणों की खरीद चल रही है।