पार्कों में बनेंगे तालाब, ताकि बारिश का पानी न हो बर्बाद
पार्कों में बनेंगे तालाब, ताकि बारिश का पानी न हो बर्बाद
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, गुड़गांव: शहर में विकसित होने वाले 247 एकड़ क्षेत्र के पार्कों में अब बरसाती पानी को जमा करने की व्यवस्था की जाएगी। पार्कों में जलाशय और जल संचयन तालाब बनाए जाएंगे, ताकि बारिश के पानी को बहने से रोका जा सके। इससे शहर में जलभराव की समस्या कम करने और भूजल स्तर बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने बुधवार को समीक्षा बैठक में अफसरों को ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्कों का विकास केवल सुंदरता बढ़ाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। इन्हें जल संरक्षण और पर्यावरण सुधार के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाए। बैठक में उन्होंने HSIIDC को पार्कों की विकास योजना में पर्याप्त संख्या में जलाशय और जल संचयन संरचनाएं शामिल करने के निर्देश दिए। GMDA और HSIIDC को आपसी तालमेल से अगले मॉनसून से पहले जल निकायों का निर्माण पूरा करने को कहा। पार्कों और खुले स्थानों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाए जाएंगे। इससे बारिश के पानी को जमीन में पहुंचाकर भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी।