राजनीति में इतनी गुंजाइश हमेशा बाकी रहती है कि कहां से फिर पुरानी राह पर लौट चलना है। पंजाब में यही हुआ। BJP और शिरोमणि अकाली दल करीब 6 साल बाद फिर एक साथ हैं। परिस्थितियां बदली हुई हैं, दोनों दलों ने सियासत भी बदली है, लेकिन सामने कुछ चुनौतियां भी होंगी।
एक-दूसरे को मजबूती । तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों दलों का अलगाव हुआ था। इससे पहले दोनों ने मिलकर पंजाब की राजनीति को नई दिशा दी थी। अकाली दल के पास ग्रामीण इलाकों और सिख मतदाताओं का समर्थन था, जबकि BJP के पास शहरी वर्ग का। इसी के बूते वे सत्ता तक भी पहुंचे। दोस्ती जब दोबारा हुई है, तो पुरानी गिले-शिकवे मिटाने की पूरी कोशिश की गई। BJP का अकाली दल को बड़ा भाई मानना यही जाहिर करता है, लेकिन क्या जनता भी इसी तरह से सोचेगी?सीटों पर समझौता । अकाली दल ने किसानों के साथ खड़े होने का दावा किया था। अब उसी पार्टी के साथ लौटने पर उसे पुराने फैसलों पर जवाब देना पड़ सकता है। किसानों का मुद्दा अब भी महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही गठबंधन की एक ओर बड़ी परीक्षा होगी सीटों का बंटवारा। इन 6 साल में राज्य के भीतर BJP की राजनीतिक महत्वाकांक्षा बढ़ी है। उसने अपनी मौजूदगी बढ़ाई है और नया आधार तैयार किया है। वहीं, अकाली दल चाहेगा कि बड़े भाई का दर्जा मिला है तो दबदबा भी पुराना वाला हो।
दूसरे दलों पर असर । गठबंधन BJP और अकाली दल की जरूरत है, इसलिए दोनों तरफ से समझौते भी देखने को मिलेंगे। वैसे भी दोनों दल अलग-अलग जाकर उसका नतीजा देख चुके हैं। इस रीयूनियन के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) को भी अपनी चुनावी रणनीति पर फिर से विचार करना पड़ेगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह ने गठबंधन की संभावनाओं को खुला बताया है। त्रिकोणीय होती दिख रही लड़ाई में उसे नए साथियों का साथ चाहिए होगा।
सब पर भारी मुद्दे । हालांकि यह नहीं माना जा सकता कि पुराने सारे राजनीतिक समीकरण बैठाने से चुनाव भी पक्ष में चला जाएगा। पंजाब की अपनी समस्याएं हैं, जिनसे जुड़े सवाल हर दल के सामने आएंगे। बेरोजगारी, नशे की समस्या और उसके चलते राज्य की खराब होती छवि, किसानों की आर्थिक स्थिति ऐसे ही मुद्दे हैं। पंजाब की आर्थिक स्थिति डांवाडोल है। राज्य की जीडीपी के मुकाबले उस पर 46% से ज्यादा कर्ज है। दलों को बताना होगा कि इन सबसे निपटने के लिए उनके पास क्या प्लान है।