n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव: सरकारी स्कूलों में पढ़ाई का स्तर सुधारने और सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए अब प्रशासनिक अधिकारी स्कूलों का दौरा करेंगे। अधिकारी स्कूलों में जाकर शिक्षकों और विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे, पढ़ाई का माहौल देखेंगे और उपलब्ध सुविधाओं की जांच करेंगे। उनके स्कूल विजिट और निरीक्षण की रिपोर्ट अब ACR (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट) में भी दर्ज होगी। गोद लिए गए स्कूलों का साल में कम से कम तीन बार दौरा करना अनिवार्य होगा। उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने क्लास-I और II के अधिकारियों की ACR में स्कूलों के दौरे और निरीक्षण के लिए विशेष कॉलम जोड़ने के निर्देश दिए हैं।