n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : तीन लाख रुपये की घूस लेते रंगे हाथों पकड़े गए रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज, पटना एवं ऑफिशियल लिक्विडेटर रमेश कुमार की संपत्तियों की भी सीबीआई ने पड़ताल शुरू कर दी है। लखनऊ, रायबरेली और पटना के ठिकानों पर छापों में चल-अचल संपत्तियों से जुड़े अहम सुराग और संदिग्ध दस्तावेज मिले हैं। रायबरेली में स्कूल-कॉलेज होने की जानकारी भी सामने आई है, जबकि वृंदावन कॉलोनी स्थित आवास से नकदी बरामद हुई है।
रमेश को बुधवार को राजधानी स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में न्यायाधीश राहुल प्रकाश के सामने पेश किया गया जहां से उन्हें 7 दिसंबर तक की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, दूसरी ओर रमेश कुमार के गिरफ्तार होने के बाद उनको निलंबित करने की तैयारी है। सीबीआई ने पेपर मिल कॉलोनी निवासी अंकुर शर्मा की शिकायत पर मंगलवार शाम उनको ट्रैप किया था। उन्होंने सीबीआई में शिकायत की थी कि बिहार के डालमिया नगर स्थित रोहतास शुगर मिल फैक्ट्री से स्क्रैप (कबाड़) उठाने का टेंडर दिसंबर 2025 में पटना के ऑफिशियल लिक्विडेटर रमेश कुमार द्वारा 'मेसर्स रिद्धि सिद्धि' को दिया गया था। यह फर्म उनकी पत्नी शिवांगी शर्मा के नाम पर है। टेंडर मिलने के बाद फर्म ने स्क्रैप उने काम को रुकवा दिया, जिसकी वजह से बाकी स्क्रैप नहीं उठाया जा सका। पिछले हफ्ते रमेश कुमार ने राजधानी आने पर उनसे मुलाकात की और बाकी स्क्रैप उठाने की अनुमति देने के बदले 10 लाख रुपये रुपये की घूस मांगी।