व्यापारी नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य बनवारीलाल कंछल को तीन साल की सजा सुनाए जाने के बाद बुधवार सुबह लखनऊ जिला जेल से जमानत पर रिहा कर दिया गया। उनके साथ इस मामले में सजा पाए हुकम चंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल भी जमानत पर जेल से बाहर आ गए। तीनों को एमपी-एमएलए विशेष अदालत ने मंगलवार को 28 साल पुराने मामले में तीन-तीन साल कैद और 36-36 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी।दरअसल, बनवारी लाल कंछल (82) और देशराज अग्रवाल (74), हुकम चंद अग्रवाल (72) को व्यापारकर भवन में अधिकारियों से कहासुनी के 28 साल पुराने मामले में तीन साल की कैद की सजा सुनाई है। इसके बाद बचाव पक्ष ने हाई कोर्ट में अपील दाखिल करने तक सजा निलंबित करने और अंतरिम जमानत देने की अर्जी दी। अदालत ने 25-25 हजार रुपये के दो जमानतदारों और इतनी ही राशि के निजी मुचलके पर तीनों को अंतरिम जमानत दे दी। बुधवार सुबह करीब सात बजे तीनों जेल से रिहा हो गए।