शहर में चोरों का आतंक, पांच जगह से लाखों के जेवर और सामान पार

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
nNBT न्यूज, लखनऊ : राजधानी में चोरों ने बंद मकानों से लेकर पॉश अपार्टमेंट और शिक्षण संस्थान तक को निशाना बनाया। महानगर के सनरेज हाउस अपार्टमेंट में रक्षा मंत्रालय के संयुक्त महानिदेशक विमल कुमार तिवारी के फ्लैट से करीब सात लाख रुपये के जेवर चोरी हो गए। वहीं, बीबीडी के ओमेगा ग्रीन पार्क अपार्टमेंट में नीतू श्रीवास्तव के घर से भी लाखों के आभूषण गायब हो गए। इसके अलावा विकासनगर और गोमतीनगर के बंद मकानों में लाखों के जेवर व नकदी चोरी कर ली गई। हुसैनगंज स्थित केकेवी कॉलेज की प्रयोगशालाओं और स्पोर्ट्स रूम से भी उपकरण व सामान पार कर दिया गया। सभी मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पेंटिंग करने वालों पर शक
महानगर के सेक्टर-ए स्थित सनरेज हाउस अपार्टमेंट में विमल कुमार तिवारी के फ्लैट में 12 नवंबर से पेंटिंग और पॉलिश का काम चल रहा था। इसके लिए सरफराज और युसुफ आते थे। 17 नवंबर की देर रात उनकी पत्नी के सूटकेस में रखे सोने-चांदी के जेवर और सिक्के गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। विमल ने दोनों पेंटरों पर शक जताते हुए महानगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

कामवाली पर जताया संदेह

बीबीडी के तिवारीगंज स्थित ओमेगा ग्रीन पार्क अपार्टमेंट में रहने वाली नीतू श्रीवास्तव 20 नवंबर को चेकअप के लिए पीजीआई गई थीं। लौटने पर ड्रेसिंग टेबल की दराज से बटुआ गायब मिला। उसमें सोने के दो कंगन, पेंडेंट वाली चेन, मोती की माला, कान के टॉप्स और चांदी के आभूषण थे। उस समय घर में उनकी बेटी और कामवाली आशा मौजूद थीं। नीतू ने कामवाली पर शक जताते हुए पुलिस से शिकायत की है।

विराटखंड में "4.63 लाख के जेवर चोरी

गोमतीनगर के विराटखंड निवासी दीपांक दीपक सिंह 17 नवंबर को गांव गए थे। 19 नवंबर को लौटे तो चैनल गेट का ताला और खिड़की टूटी मिली। चोर दो सोने के कंगन, तीन अंगूठियां, एक अन्य कंगन, चांदी की तीन पायल, तीन नोज रिंग, दो घड़ियां और ईयररिंग समेत करीब 4.63 लाख रुपये का सामान ले गए। गोमतीनगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केकेवी कॉलेज की लैब और स्पोर्ट्स रूम खंगाले

हुसैनगंज स्थित बप्पा नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज (केकेवी) की जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान प्रयोगशालाओं के साथ स्पोर्ट्स रूम से भी सामान चोरी हुआ है। प्रिंसिपल उमाकांत बाजपेई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। चोर सात पंखे, एमसीबी बॉक्स, दो एसी, 25 माइक्रोस्कोप, वर्नियर कैलिपर्स, 25 टोंटियां और खेल का सामान ले गए। हालांकि, पुलिस चोरी की घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह के मुताबिक, नए प्रिंसिपल के कार्यभार संभालने के बाद सामान का मिलान करने पर कमी सामने आई थी। चोरी कब हुई, इसकी जानकारी नहीं है।

ग्रिल काटकर घर से लाखों के जेवर उड़ाए

विकासनगर के सेक्टर-सी स्थित एमएमआईजी-63 निवासी जयप्रकाश सिंह 17 नवंबर को परिवार के साथ पंजाब गए थे। चोर खिड़की की ग्रिल काटकर घर में घुसे और अलमारियां व लॉकर खंगाल डाले। तीन हार सेट, सोने की चेन, मंगलसूत्र, झुमके, चूड़ियां, अंगूठियां, 25 चांदी के सिक्के, चांदी के बर्तन और चार जोड़ी पायल समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा 55 हजार रुपये नकद भी ले गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

रेकमेंडेड खबरें