‘सफाई कर्मचारियों को सुरक्षा के साथ सुविधाएं और सम्मान देना भी ज़रूरी’

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
nNBT रिपोर्ट, गुड़गांव

सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को प्राथमिकता देने के निर्देश राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य डॉ. सुषमा गोरियाल ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की सफाई व्यवस्था की रीढ़ हैं। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि उन्हें सरकार की ओर से तय सुविधाएं मिलें और काम के दौरान उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए।
डॉ. सुषमा गोरियाल ने बुधवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों से सफाई कर्मचारियों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और उनके इस्तेमाल पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीवर सफाई के दौरान किसी कर्मचारी की जान जोखिम में नहीं पड़नी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। यदि सीवर सफाई के दौरान किसी कर्मचारी की मौत होती है तो उसके परिवार को तय मुआवजा समय पर मिले। परिवार को दूसरी सरकारी सहायता और पुनर्वास का लाभ भी दिया जाए।बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त प्रीतपाल, एसीपी कपिल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।