कुंडली में शादी का योग, पर रिश्ते अटका रहा

नवभारतटाइम्स.कॉम•
कुंडली में शादी का योग, पर रिश्ते अटका रहा
n संतोष कुमार सिंह, चिनहट

शहीद भगत सिंह द्वितीय वॉर्ड के भिठहरी गांव के कई युवकों की कुंडली में शुक्र, गुरु और चंद्रमा बेहद मजबूत हैं, इसके बावजूद उनकी शादी नहीं हो पा रही है। ग्रीमीणों का आरोप है कि गांव की बदहाल सड़क ही उनकी राह का सबसे बड़ा 'ग्रह-दोष' बन गई है। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ा खड़ंजा युवकों के विवाह में रोड़ा बन रहे हैं। रिश्ता लेकर गांव आने वाले लोग जब इस जर्जर रास्ते से गुजरते हैं, तो बात आगे बढ़ने से पहले ही ठहर जाती है।
 गांव के मनीष गौतम, सचिन गौतम, करण और अभिषेक कुमार गौतम बताते हैं कि सड़क की बदहाली के कारण गांव के करीब 20-25 युवक-युवतियों की शादी नहीं हो पा रही है। 1980-85 के बीच तत्कालीन ग्राम प्रधान चौधरी हरिनाम सिंह यादव ने इस संपर्क मार्ग पर खड़ंजा लगवाया था, तब यह बीकेटी ब्लॉक की गोयला ग्राम पंचायत का मजरा था। समय के साथ आबादी बढ़ती गई, लेकिन सड़क की सुध किसी ने नहीं ली।

'अवैध कॉलोनी' बताकर टाल दी शिकायत : साल 2019 में भिठहरी को नगर निगम की विस्तारित सीमा में शामिल किया गया। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि अब शहरी सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन सात साल बाद भी हालात जस के तस हैं। सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने दर्जनों बार IDRS पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन नगर निगम ने मूल गांव को ही 'अवैध कॉलोनी' बताकर शिकायतें निस्तारित कर दीं।

ईंट भट्ठों की खोदाई से बनी 8 फुट गहरी खंती : गांव तक पहुंचने के तीन संपर्क मार्ग हैं। पहला- खदंक गांव से, दूसरा- खारजा नहर के रास्ते और तीसरा- मुरलीपुरवा-अमराई गांव से है। ईंट भट्ठों के लिए हुई मिट्टी खोदाई ने तीनों रास्तों को बदतर बना दिया है। टूटे किनारों और गड्ढों के कारण बाइक निकालना भी चुनौती है। जरा-सी चूक सवार को सड़क के दोनों ओर बनी 8 फुट गहरी खंती में गिरा सकती है।

70 से अधिक दलित परिवार झेल रहे दुश्वारी : गांव में दलित समुदाय के 70 से अधिक घर और एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय है। खराब रास्ते से बच्चों, बुजुर्गों और आम ग्रामीणों का रोजाना निकलना दूभर है। बृजमोहन गौतम, संदीप कुमार गौतम, अमरनाथ गौतम, सतीश, बैजनाथ, मनोहर लाल, बृजेश, राजेश, दिनेश, रवि कुमार, मनोज गौतम, शशि, गीता गौतम, सावित्री, फूलमति गौतम, झूमा और किसाना गौतम का कहना है कि नगर निगम का हिस्सा होने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधा नहीं मिल रही है।