सील सेफ तो डीलर बेकसूर... पेट्रोल पंप डीलरशिप बहाल

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
n NBT न्यूज, लखनऊ

पेट्रोल पंप की डिस्पेंसिंग यूनिटों में अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक फिटिंग्स मिलने मात्र से डीलर की ईंधन हेराफेरी में संलिप्तता साबित नहीं होती, खासकर तब जब विधिक माप विज्ञान विभाग की सीलें सुरक्षित हों और कथित अनियमितताओं में डीलर की भूमिका का कोई ठोस साक्ष्य न हो। इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने इस टिप्पणी के साथ अलीगंज सर्विस स्टेशन की करीब 27 साल पुरानी डीलरशिप समाप्त करने का आदेश निरस्त कर दिया।
जस्टिस इरशाद अली ने इंडियन ऑयल को डीलरशिप बहाल करने और डीलरशिप समझौते की वैध शर्तों के अधीन पेट्रोलियम उत्पादों की सामान्य आपूर्ति फिर शुरू करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने 3 जुलाई 2017 को डीलरशिप समाप्त करने के आदेश और 24 मई 2019 को तेल उद्योग के विवाद निस्तारण पैनल द्वारा पारित अपीलीय आदेश को रद कर दिया।

यह है पूरा मामला : वर्ष 1990 में आवंटित इस डीलरशिप पर पांच मई 2017 को संयुक्त निरीक्षण हुआ था। अधिकारियों ने चार डिस्पेंसिंग यूनिटों के पल्सर कार्ड में अतिरिक्त फिटिंग्स और गिलबार्को वीडर-रूट मशीन के एक नोजल से पांच लीटर में 150 मिलीलीटर कम पेट्रोल देने का आरोप लगाकर डीलरशिप समाप्त कर दी थी और सिक्योरिटी राशि जब्त कर ली थी।

जांच व प्रक्रिया में मिलीं खामियां : कोर्ट ने कहा कि चार यूनिटों में अतिरिक्त फिटिंग्स का आरोप जरूर लगा, लेकिन विधिक माप विज्ञान विभाग की सीलें सुरक्षित मिलीं और कम आपूर्ति केवल एक नोजल में कथित रूप से पाई गई। कॉरपोरेशन यह साबित नहीं कर सका कि फिटिंग्स डीलरों ने लगवाई थीं या इनसे वास्तव में हेराफेरी हुई।