nNBT न्यूज, फतेहपुर: प्रदेश में अलग-अलग सड़क हादसों में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। फतेहपुर के हुसैनगंज क्षेत्र में बुधवार शाम तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं समेत बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों असनी गांव के निवासी थे। इसके अलावा अमेठी और बांदा में दो-दो, जबकि बरेली और बाराबंकी में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई।
हुसैनगंज क्षेत्र के सरेला गांव के पास हुए हादसे में असनी गांव निवासी सौरभ और परिवार की दो महिलाओं की मौत हुई। एएसपी ज्ञान प्रकाश राय के अनुसार शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ ही डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।अमेठी: शिवरतनगंज के अहोरवा भवानी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के पास मंगलवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में यशराज (18) और नागेश (25) की मौत हो गई, जबकि रामशंकर घायल हो गया।
बांदा: तिंदवारी क्षेत्र के सिंहपुर मोड़ पर बुधवार दोपहर ई-रिक्शा और बाइक की भिड़ंत में चालक सुभेष यादव (45) और बाइक सवार चुन्नू (28) की मौत हो गई। तीन लोग घायल हो गए।
बरेली: मुरादाबाद निवासी दक्ष गोस्वामी (6) की बुधवार सुबह कृष्णा पैलेस के बाहर ई-रिक्शा की चपेट में आने से मौत हो गई। वह चाचा की शादी में शामिल होने आया था। परिजनों ने चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
बाराबंकी: फतेहपुर-भगौली मार्ग पर तालगांव मोड़ के पास बुधवार शाम दो बाइकों की भिड़ंत में सीतापुर निवासी बकरा व्यापारी मोहम्मद अशरफ (39) की मौत हो गई। उनके ममेरे भाई समेत तीन लोग घायल हो गए।