n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) गुरुवार को राजधानी में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करेंगी। संविधान दिवस पर रमाबाई अंबेडकर मैदान में आयोजित 'बहुजन स्वराज संकल्प महारैली' में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद एक मंच पर नजर आएंगे। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने रैली में पांच लाख लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया है। कई प्रदेशों के पदाधिकारी समर्थकों संग एक दिन पहले ही लखनऊ पहुंच गए हैं।
महारैली में शामिल होने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पदाधिकारियों और समर्थकों का लखनऊ पहुंचना शुरू हो गया है। पंजाब, झारखंड, मध्य प्रदेश और बिहार समेत अन्य प्रदेशों के प्रभारी भी मंगलवार को ही राजधानी पहुंच गए और तैयारियों का जायजा लिया। कार्यकर्ताओं से सुबह 11 बजे रमाबाई मैदान पहुंचने को कहा गया है। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है। संयुक्त संगठन ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। महारैली में दोनों नेता मंच पर गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक साथ पहुंचेंगे।