शहर में इस साल के अंत तक न केवल ट्रैफिक जाम कम होगा, बल्कि इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन और बैट्री स्वैपिंग स्टेशनों की भी सौगात मिलेगी। शहर में जाम वाले 33 पॉइंट्स पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) लगने से जाम कम होगा। यह सिस्टम चौक पर जिस साइड अधिक ट्रैफिक होगा, उसी तरफ की लाइट को ग्रीन करके पहले ट्रैफिक निकालेगा। यह ऑटो मोड पर काम करेगा। इसके अलावा शहर में इस साल के अंत तक 1200 टन प्रतिदिन सीएंडडी वेस्ट की क्षमता होगी। गुड़गांव और फरीदाबाद मे 200 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने के प्लान पर भी काम चल रहा है। बुधवार को नगर निगम के सेक्टर-34 ऑफिस में 2026 की वार्षिक योजना के तहत हुए कार्यों की समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम कमिश्नर डॉ़ पंकज ने की।बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से अब तक किए गए कार्यों, उपलब्धियों और लंबित परियोजनाओं की प्रगति का आंकलन किया गया। निगम कमिश्नर ने निर्देश दिए कि प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सुधार और यातायात निगरानी से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। अधिकारियों ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से नवंबर तक दर्ज औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक, प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के तहत संचालित जागरूकता गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में बताया गया कि गुरुग्राम और फरीदाबाद में 200 नई बसें शामिल करने के लक्ष्य का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। प्रस्तावित इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों का काम जारी है। इस साल के अंत तक 16 चार्जिंग स्टेशन तैयार होंगे। 25 बैट्री स्टेशन भी शुरू हो जाएंगे। ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने के लिए शहर के 33 पॉइंट्स में से 30 स्थानों का काम पूरा हो चुका है। यहां पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लगाए जा रहे हैं।