जांच पर भारी बिजली बिल का विवाद, हेल्थ Atm पर ताले
जांच पर भारी बिजली बिल का विवाद, हेल्थ ATM पर ताले
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n वीर सिंह यादव, लखनऊ
शहर के चौराहों, पार्कों और अस्पताल परिसरों में आम लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच की सुविधा देने वाले हेल्थ ATM पर अब ताले लटक गए हैं। स्मार्ट सिटी योजना और SGPGI के बीच बिजली बिल भुगतान को लेकर चल रहे विवाद के कारण मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नई एजेंसी ने बकाया बिल के भुगतान के बिना ATM का हैंडओवर लेने से साफ इनकार कर दिया है। स्मार्ट सिटी योजना और SGPGI के बीच हेल्थ ATM के लिए मार्च 2023 में हुआ अनुबंध सितंबर में समाप्त हो चुका है। इसके बाद स्मार्ट सिटी अधिकारियों ने नए सिरे से संचालन के लिए दूसरी एजेंसी से अनुबंध किया। हालांकि, नियमित भुगतान न होने के कारण 85 से ज्यादा हेल्थ ATM पर महीनों का बिजली बिल बकाया है। वहीं, स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने प्रॉजेक्ट से जुड़े SGPGI के अफसरों से कई बार बिल जमा करने का आग्रह किया और पत्र भी लिखा, लेकिन ज्यादा बिल आने का हवाला देकर भुगतान से इनकार कर दिया गया। ऐसे में नवंबर तो दूर, दिसंबर में भी इनके शुरू होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। गौरतलब है कि साल 2022 में शहर के प्रमुख स्थानों पर 100 हेल्थ ATM लगाए गए थे। यहां SGPGI के डॉक्टरों द्वारा टेलिमेडिसिन के जरिए चिकित्सीय परामर्श और बेसिक जांच की नि:शुल्क सुविधा दी जा रही थी।