बिना तलाक दूसरी शादी करने पहुंचा, दूल्हे समेत आठ के खिलाफ Fir
बिना तलाक दूसरी शादी करने पहुंचा, दूल्हे समेत आठ के खिलाफ FIR
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, एटा: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पहली पत्नी को बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने पहुंचे युवक समेत आठ लोगों के खिलाफ कोतवाली नगर में धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि युवक ने योजना के तहत मिलने वाली एक लाख रुपये की सरकारी सहायता हासिल करने के लिए दूसरी शादी की साजिश रची थी।
21 नवंबर को एटा के जीआईसी मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में आकाश गौतम दूसरी शादी करने पहुंचा था। इसकी जानकारी मिलने पर अलीगढ़ निवासी उसकी पहली पत्नी सोनी पुलिस के साथ समारोह स्थल पर पहुंच गई और शादी रुकवा दी। सोनी का आरोप है कि उसकी शादी 2021 में आकाश से हुई थी। शादी के बाद से ही पति बुलेट बाइक की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करता था। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट भी करता था। इसको लेकर दोनों के बीच कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है। करीब तीन साल से चल रहे इस विवाद में अब तक तलाक नहीं हुआ है। सोनी ने 23 नवंबर को डीएम और एसएसपी से शिकायत की थी। इसके बाद 24 नवंबर को जांच कराई गई। पुलिस ने आकाश, दूसरी दुल्हन समेत आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।