12 दिसंबर को कर्मचारी आक्रोश रैली में गुड़गांव से पहुंचेंगे हज़ारों लोग
12 दिसंबर को कर्मचारी आक्रोश रैली में गुड़गांव से पहुंचेंगे हज़ारों लोग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज ,गुड़गांव
कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कर्मचारी आक्रोश रैली में गुड़गांव जिले से हजारों कर्मचारी और शिक्षक शामिल होंगे। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर होने वाली इस रैली में बिजली कर्मचारी भी बड़ी संख्या में भाग लेंगे और अपनी मांगों को उठाएंगे। रैली की तैयारियों को लेकर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने जिला स्तरीय बैठक की।बैठक में संघ के राज्य सचिव जोगिंदर करौंथा ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है। गुड़गांव जिले से कर्मचारी, शिक्षक और बिजली कर्मी दिल्ली पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। राज्य सचिव रामनिवास ठाकरान ने कहा कि रैली में पुरानी पेंशन बहाली, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, समान काम-समान वेतन, ठेका प्रथा समाप्त करने और 8वें वेतन आयोग को लागू करने की मांग उठाई जाएगी। इसके अलावा स्थायी काम के लिए स्थायी रोजगार, सार्वजनिक ढांचे और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने की मांग भी की जाएगी। बिजली कर्मियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी रैली में शामिल होकर सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाएंगे। बैठक का संचालन जिला सचिव सुशील शर्मा ने किया। इसमें सीआईटीयू जिला सचिव सुरेश नोहरा, प्रेमपाल, सुशीला देवी, कुलदीप समेत अन्य मौजूद रहे।