9 साल से अरावली के वन्यजीवों का डेटा अपडेट नहीं, सेंसस की तैयारी!

नवभारतटाइम्स.कॉम•
9
n गुड़गांव : अरावली में कितने तेंदुए हैं, उनकी संख्या बढ़ी है या घट रही है, साथ ही जंगल में दूसरे वन्यजीवों की स्थिति क्या है? करीब 9 साल से इन सवालों का जवाब देने वाले व्यापक आंकड़े अपडेट नहीं हुए हैं। अब हरियाणा फॉरेस्ट वाइल्डलाइफ डिपार्टमेंट ने अरावली में वन्यजीवों का सेंसस कराने के लिए वाइल्डलाइफ इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया ( WII ) से संपर्क किया है। इसे लेकर पत्र लिखा गया है, उम्मीद है कि गणना कराने को लेकर जल्द स्थिति स्पष्ट होगी। सर्वे होने पर अरावली में वन्यजीवों की मौजूदा स्थिति का वैज्ञानिक आकलन हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, सेंसस में केवल तेंदुओं की संख्या पता करना ही मकसद नहीं होगा, बल्कि जंगल में शिकार की उपलब्धता, दूसरे वन्यजीवों की मौजूदगी, जलस्रोत और वन क्षेत्र की स्थिति भी सामने आ सकेगी। इस बारे में बताया गया कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण, सड़कों और निर्माण के बीच अरावली के वन्यजीवों के प्राकृतिक ठिकानों पर कितना दबाव है, यह भी सामने आएगा। मामले में डीएफओ वाइल्डलाइफ राम कुमार जांगड़ा बताते हैं कि हेडक्वॉर्टर की ओर से वन्य जीवों के सेंसस के लिए WII को पत्र लिखा जा चुका है।