Kmp पर पशु तस्करों की गाड़ी कैंटर से टकराई, एक की मौत
KMP पर पशु तस्करों की गाड़ी कैंटर से टकराई, एक की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, नूंह
कुडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह पुलिस से बचकर भाग रहे पशु तस्करों की अर्टिगा गाड़ी सामने से आ रहे आयशर कैंटर से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। गाड़ी में दो गोवंश भी लदे हुए थे, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा जीवित मिला। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे मोहम्मदपुर अहीर थाना क्षेत्र के धुलावट में अर्टिगा गाड़ी सवार चार लोग गोवंश लेकर जा रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर सीआईए नूंह की टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस को पीछे आता देख आरोपी गाड़ी को रॉन्ग साइड में मानेसर की तरफ भगाने लगे। इसी दौरान गोयला गांव के पास उनकी गाड़ी सामने से आ रहे आयशर कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी में सवार चारों लोग घायल हो गए। हादसे में मुस्तफा निवासी पल्ला की मौत हो गई। वहीं, अखलाक और आसिफ निवासी पल्ला व इकबाल निवासी मनाकी घायल हो गए। तीनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, अर्टिगा गाड़ी में दो गोवंश लदे थे। इनमें से एक की मौत हो गई, दूसरा सुरक्षित मिला।