व्यापारी ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर जान दी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
व्यापारी ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर जान दी
n NBT न्यूज, काकोरी : दुबग्गा के अमेठिया सलेमपुर में शुक्रवार शाम हार्डवेयर दुकानदार रंजीत (34) ने घर में लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर जान दे दी। गोली सिर के दाहिने हिस्से में मारी गई। परिवारीजन उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुइसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने पिस्टल और 32 बोर का एक कारतूस बरामद कर कब्जे में ले लिया है।

अमेठिया सलेमपुर निवासी रंजीत झांखरबाग में हार्डवेयर की दुकान चलाते थे। दुकान के ऊपर ही उनके छोटे भाई राहुल की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। पत्नी चांदनी ने पुलिस को बताया कि रंजीत शुक्रवार सुबह दुकान गए थे। शाम चार बजे घर लौटने पर उन्होंने पत्नी से कहा कि आजकल खाने के लिए भी नहीं पूछती हो। चांदनी खाना निकालने लगीं, इसी दौरान रंजीत अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज आई। चांदनी की चीख सुनकर बाहर बैठी उनकी सास चंदाकली भी घबरा कर गिर पड़ीं। जानकारी मिलते ही राहुल कमरे में पहुंचे और रंजीत को अस्पताल ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
रंजीत के परिवार में पत्नी चांदनी के अलावा दो बेटे रियांस (9) और उत्कर्ष (5) हैं। घटना के समय उनके पिता तेजीराम घर पर नहीं थे। घरवालों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच कोई बड़ा विवाद नहीं था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और परिजन इस बात को लेकर हैरान हैं कि रंजीत ने ऐसा कदम क्यों उठाया। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि गोली मारने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।