Lucknow 15 foot Deep Tunnel Formed Under Neighbors House Due To Basement Excavation Threat To Life
बेसमेंट की खोदाई से पड़ोसी के घर के नीचे बनी सुरंग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : गोमती नगर के विनय खंड में बिल्डर की लापरवाही से एक परिवार पर जान-माल का खतरा मंडरा रहा है। आरोप है कि प्लॉट नंबर 2/4 में बिल्डर ने सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर मॉनसून में बेसमेंट की खोदाई करा दी। आलम यह है कि पड़ोसी मकान की नींव के नीचे से मिट्टी खिसक गई और 15 फुट गहरी सुरंग बन गई। दीवारों, खंभों और फर्श में दरारें आ गई हैं। मकान किसी भी वक्त जमींदोज हो सकता है।
पीड़ित पड़ोसी अनिता के मुताबिक 20 अगस्त 2026 को बिल्डर ने पड़ोसियों को बिना बताए रात में जेसीबी मशीन से बाउंड्रीवॉल से सटाकर खोदाई शुरू करवा दी। नियम है कि गहरी बेसमेंट से पहले रिटेनिंग वॉल बनाई जाती है। सेटबैक छोड़ा जाता है, लेकिन यहां कुछ नहीं किया गया। खोदाई के बाद बारिश में गड्ढे में पानी भरता रहा। बार-बार कहने पर भी जल निकासी का प्रबंध नहीं किया गया। पानी के रिसाव से पड़ोसी मकान के नीचे की मिट्टी बह गई और नींव धंस गई। अब स्थिति यह है कि घर के नीचे से आर-पार देखा जा सकता है। बाहर से कोई भी व्यक्ति इस सुरंग से घर में घुस सकता है।शिकायतों के बाद भी नहीं जागा सिस्टम
पीड़ित ने पुलिस से लेकर एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार, एसडीएम सदर, गोमती नगर पुलिस और आईजीआरएस पोर्टल पर लिखित शिकायत दी। फोटो-विडियो के सबूत लगाए, लेकिन रिपोर्ट अब तक लंबित है। मौके पर कोई इमरजेंसी बैकफिलिंग नहीं कराई गई।