ट्रिपल स्क्रीन, AI और BaaS के दम पर नए प्रयोग की कोशिश

नवभारतटाइम्स.कॉम•
ट्रिपल स्क्रीन, AI और BaaS के दम पर नए प्रयोग की कोशिश
nनई दिल्ली: इलेक्ट्रिक कारों की भीड़ में महिंद्रा की BE 6 ने अपने फ्यूचरिस्टिक डिजाइन और ‘टेक फीचर्स’ के दम पर एक अलग जगह बनाई। एक खास वर्ग में इस गाड़ी को काफी पसंद भी किया गया। डिजाइन के मामले में इसकी तुलना लैम्बॉर्गिनी उरूज तक से की गई। अब कंपनी ने इसे अपडेटेड अवतार BE 6 SPORTEQ के रूप में उतारा है जिसमें ट्रिपल टच स्क्रीन सेटअप भी जोड़ा गया है। पेश है इसकी टेस्ट ड्राइव रिपोर्ट।

जब भी कोई नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने का सोचता है, तो अमूमन सबसे पहले बैटरी रेंज, चार्जिंग नेटवर्क और रनिंग कॉस्ट जैसे व्यावहारिक पहलू ही दिमाग में आते हैं। लेकिन महिंद्रा की BE 6 SPORTEQ एक आम फैमिली EV न होकर स्टाइल, फ्यूचरिस्टिक टेक्नोलॉजी और स्पोर्टी परफॉर्मेंस का एक नया कॉम्बिनेशन पेश करती है। कंपनी ने इसके कूपे SUV वाले एयरोडायनामिक स्टांस, शार्प बॉडी लाइन्स, C-शेप्ड LED लाइटिंग और बड़े अलॉय वील्स के साथ इसे सड़क पर एक अनोखी और बोल्ड पहचान दी है। 20-25 लाख के बजट में जो एक स्पोर्ट्स कार वाला टशन चाहते हैं, उनकी कसौटी पर इसका डिजाइन सही बैठता है। फैमिली क्लास वाली कंफर्ट और स्पेस की कमी जरूर इसमें महसूस होती है।
बाहर वाला अग्रेसिव डिजाइन लैंग्वेज अंदर केबिन में भी जारी रहती है। डैशबोर्ड को पूरी तरह से एक मॉडर्न डिजिटल कॉकपिट की तरह तैयार किया गया है। नए डैशबोर्ड में तीन 12.3-इंच की स्क्रीन्स का ट्रिपल सेटअप दिया गया है, जिसमें ड्राइवर के लिए इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, बीच में इन्फोटेनमेंट स्क्रीन और फ्रंट पैसेंजर के लिए एक अलग डिस्प्ले शामिल है। केबिन के टेक-एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने के लिए इसमें 16-स्पीकर वाला हरमन कार्डन का डॉल्बी एटमॉस ऑडियो सिस्टम और गूगल जैमिनी से लैस वॉयस असिस्टेंस दिया गया है, जिससे सिर्फ बोलकर कार के कई फीचर्स कंट्रोल किए जा सकते हैं। फ्रंट पैसेंजर बिना ड्राइवर को डिस्टर्ब किए विडियो से लेकर गेमिंग तक का मजा ले सकते हैं।

परफॉर्मेंस और ओनरशिप के मोर्चे पर भी महिंद्रा ने इस मॉडल के साथ नए टेक और बिजनेस प्रयोग किए हैं। BE 6 SPORTEQ में 59kWh, 70kWh और बड़े 79kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं, जिसमें रियर-वील ड्राइव मोटर 282 बीएचपी की पावर और 380 एनएम का इंस्टेंट टॉर्क देती है। इसका सस्पेंशन स्पोर्टी ड्राइविंग के लिए थोड़ा सख्त रखा गया है, जिससे तीखे मोड़ों पर भी कार काफी स्टेबल रहती है और बॉडी रोल बेहद कम महसूस होता है। हालांकि कंफर्ट से समझौता करना पड़ता है। सबसे खास बात यह है कि इस बार महिंद्रा ने इसके साथ Baas (बैटरी एज के सर्विस) स्कीम भी पेश की है। इसके तहत ग्राहक कार को बिना बैटरी की पूरी कीमत दिए कम शुरुआती कीमत पर खरीद सकते हैं और प्रति किलोमीटर या सब्स्क्रिप्शन मॉडल के आधार पर बैटरी का इस्तेमाल कर सकते हैं।

हालांकि, स्पोर्टी कूपे डिजाइन और तकनीक पर ज्यादा ध्यान देने के कारण इस कार में कुछ प्रैक्टिकल कमियां भी नजर आती हैं। कार का रियर ग्लास काफी छोटा है, जिससे इनसाइड रियर-व्यू मिरर से पीछे की तरफ देखने में ड्राइवर को दिक्कत होती है। इसके अलावा, ढलान वाली कूपे रूफलाइन की वजह से रियर सीट पर हेडरूम थोड़ा सीमित हो जाता है और लेगरूम के मामले में भी पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए स्पेस थोड़ा कम महसूस होता है। बावजूद इसके, जो लोग एडवांस्ड केबिन टेक, AI फीचर्स और दमदार परफॉर्मेंस चाहते हैं, उनके लिए महिंद्रा BE 6 SPORTEQ एक बेहद आकर्षक और फ्यूचरिस्टिक विकल्प बनकर उभरती है।