Sps Electoral Attack Demand For Cec Gyanesh Kumars Resignation Save Democracy Week Announced
सपा का चुनावी वार, निशाने पर होंगे CEC ज्ञानेश कुमार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
समाजवादी पार्टी की लखनऊ महानगर कार्यकारिणी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। महानगर कार्यालय में हुई बैठक में तीन से आठ अक्टूबर तक ‘ लोकतंत्र बचाओ सप्ताह ’ मनाने का निर्णय लिया गया। पार्टी के मुताबिक अभियान के दौरान मतदाता सूची और वोट के अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर जनजागरण किया जाएगा। साथ ही हजरतगंज में इसके विरोध में मार्च भी निकाला जाएगा।शनिवार को सपा कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता में महानगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी ने बताया अभियान के पहले चरण में महानगर की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें कर कार्यकर्ताओं को एकजुट किया जाएगा। इसके बाद सप्ताह के अंत में हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा से डीएम कार्यालय तक मार्च निकालने की तैयारी है। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
महासचिव गौरव सिंह यादव ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवालों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी। आरोप लगाया कि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है और जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता, पार्टी आंदोलन जारी रखेगी। फिलहाल पहले चरण के कार्यक्रम घोषित किए गए हैं, आगे की रणनीति आंदोलन के बाद तय की जाएगी।