50 Garbage Collection Vehicles Short Crisis On Gvp Removal Campaign
घरों से कूड़ा उठाने को नहीं हैं 50 फीसदी गाड़ियां, कैसे हटेंगे GVP
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर में भले ही गार्बेज वलर्नेबल पॉइंट्स (GVP) हटाने का अभियान शुरू हो गया हो, लेकिन नगर निगम के लिए यह किसी चुनौती से कम नहीं है। शहर में 179 पॉइंट हैं, जहां कूड़ा एकत्र होता है। 2 अक्टूबर को सीएम ने यह पॉइंट्स हटाने का अभियान शुरू किया। दो जगहों पर इन्हें हटाया गया, लेकिन जब तक घरों से कूड़ा उठाने का काम पूरी तरह शुरू नहीं होता है, तब तक अभियान पूरा होना असंभव है।घरों से कूड़ा उठाने के लिए मौजूदा समय में 50 फीसदी भी गाड़ियां नहीं हैं। जल्द ही 5 साल के लिए दिए गए टेंडर के तहत यह काम शुरू हो जाएगा। शहर में हर दिन एक हजार 500 टन कूड़ा निकलता है। इसमें से एक हजार 200 टन गीला और 300 टन सूखा कूड़ा होता है। यह शहर के 179 जीवीपी से होकर 8 सेकेंडरी पॉइंट्स पर जाता है। यहां पर इसे अलग-अलग करके बंधवाड़ी प्लांट पर लेकर जाया जाता है। शुक्रवार से जीवीपी हटाने की मुहिम शुरू हो गई। 10 दिन में 20 पॉइंट्स को खत्म किया जाएगा। शहर में 179 पॉइंट्स हैं, लेकिन जब शहर में हर घर से कूड़ा नहीं उठेगा या फिर हर दिन गाड़ी कूड़ा लेने नहीं आएगी, तो लोग खुले में कूड़ा फेंकेंगे। अभी निगम एरिया में 325 के करीब गाड़ियां घरों से कूड़ा उठाने के लिए हैं, जबकि कम से कम 600 गाड़ियाें की जरूरत है। दो दिन छुट्टी के कारण जीपीवी हटाने का काम नहीं हुआ। अब सोमवार से यह काम शुरू होगा। निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने बताया कि हर जोन में जॉइंट कमिश्नर को जीपीवी हटाने को लेकर काम शुरू करने को कहा गया है। इसके लिए पार्षद, आरडब्ल्यूए और अन्य जनप्रतिनिधि व लोगाें का सहयोग लिया जाएगा। जल्द ही शहर में 5 साल के लिए घरों से कूड़ा उठाने के टेंडर का काम शुरू हो जाएगा।