Faridabad Bajrang Dals Uproar Over Information Of Animal Slaughter Scuffle With Police
पशु वध की सूचना पर हंगामा, तीन लोगों को हिरासत में लेने का विरोध
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
सूरजकुंड रोड स्थित पहाड़ियों में कथित तौर पर पशु वध किए जाने की सूचना के बाद रविवार को काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर बजरंग दल और हिंदू रक्षा दल के सदस्य मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम भी वहां पहुंची। पुलिस द्वारा तीन लोगों को साथ ले जाने का प्रयास करने पर संगठन के सदस्यों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। पुलिस ने कुछ सदस्यों को हिरासत में लेकर स्थिति नियंत्रित की।हिंदू रक्षा दल के सदस्य दीपक के अनुसार, उनके साथी सागर को पहाड़ियों में पशु वध किए जाने की जानकारी मिली थी। सागर ने मौके पर जाकर देखा और फोन कर अपने साथियों को सूचना दी। दीपक का आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने सागर पर चाकू से हमला करने का प्रयास भी किया। संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने सोनू, साकिर और राजेश को अपने साथ लिया। इसी दौरान संगठन के सदस्य पुलिस वाहन के सामने बैठ गए और तीनों को ले जाने का विरोध करने लगे। इससे सूरजकुंड रोड पर जाम की स्थिति बन गई। थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि गलतफहमी के कारण हिंदु संगठन के लोग एकत्र हुए थे। बाद में समझा बुझाकर वापस भेज दिया गया। मौके पर किसी प्रकार के पशु वध की कोई घटना नहीं हुई। बल्कि मरे जानवारों के खाल उतारने के लिए निगम ने वहां ठेका दे रखा है।