Indias Strict Watch On Foreign Crew In Aircraft Security Review Begins
हमले के बाद विदेशी क्रू पर भारत की नज़र
नवभारतटाइम्स.कॉम•
Maneesh.Aggarwal @timesofindia.com
n नई दिल्ली: फ्लाईदुबई की 30 सितंबर की दुबई से इस्राइल जाने वाली उड़ान में ओमान के सह-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में अपने सीनियर पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर आपात स्थिति में इस्तेमाल के लिए रखी कुल्हाड़ी से हमला किया था। इस घटना के बाद भारत भी अपने स्तर पर ऐसे हालात से निपटने के लिए आंतरिक समीक्षा कर रहा है।सूत्रों के मुताबिक, समीक्षा में भारत में उतरने वाली विदेशी एयरलाइंस के पायलट और एयर होस्टेस समेत चालक दल के सदस्यों की पृष्ठभूमि की जांच का पहलू भी शामिल हो सकता है। खासतौर पर यह देखा जा सकता है कि विदेशी एयरलाइंस के चालक दल में शामिल सदस्य किन देशों से हैं। इसमें भारत के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से आने-जाने वाली उड़ानों के कॉकपिट क्रू में पाकिस्तानी नागरिकों की मौजूदगी की जानकारी भी शामिल हो सकती है।
सूत्रों का कहना है कि फ्लाईदुबई की घटना के बाद देश की सुरक्षा के लिहाज से भारत आने-जाने वाले विदेशी नागरिकों का पूरा रिकॉर्ड रखने की जरूरत पर भी विचार किया जा रहा है।
घटना में आरोपी सह-पायलट हमाम अल-हमामी के अलकायदा से प्रभावित होने की बात सामने आई है। इस्राइल समेत अन्य देशों की एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि हमला अकेले व्यक्ति की कार्रवाई था या इसके पीछे अलकायदा अथवा किसी अन्य आतंकी संगठन की भूमिका थी। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश के पीछे किसी संगठन का हाथ था।
सूत्रों के मुताबिक, इस घटना ने विमानन क्षेत्र में एक नए खतरे की ओर ध्यान खींचा है। इसमें पायलटों के साथ-साथ कॉकपिट तक पहुंच रखने वाले एयर होस्टेस और अन्य चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा जांच पर भी ध्यान देना जरूरी माना जा रहा है।