चिड़ियाघर हो या जंगल की सैर, अब एक पोर्टल से बुकिंग

Contributed by: deep.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
चिड़ियाघर हो या जंगल की सैर, अब एक पोर्टल से बुकिंग
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : आपको जंगल की सैर करनी हो या चिड़ियाघर घूमना हो। अब घर बैठे एक ही वेबसाइट से बुकिंग करवा सकेंगे। यूपी में किसी भी फॉरेस्ट रिजर्व में जंगल सफारी, गाइड और ठहरने की व्यवस्था सहित सभी बुकिंग इसी वेबसाइट से होंगी। वन निगम इसके लिए वेबसाइट तैयार कर रहा है। एक नवंबर से शुरू हो रहे नए सत्र से पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।

अभी ये है व्यवस्था : यूपी में दुधवा, अमानगढ़, पीलीभीत और रानीपुर टाइगर रिजर्व हैं। इनमें ठहरने के लिए तो वन निगम की एक वेबसाइट पर सुविधा पहले से है। पर्यटन सत्र के दौरान लखनऊ से कुछ टूर पैकेज शुरू किए जाते हैं। जंगल सफारी, गाइड, बोटिंग सहित अन्य सुविधाओं के लिए इनकी अलग-अलग वेबसाइट पर ही जाना होता है या फिर वहां पहुंचने पर ऑफलाइन व्यवस्था है। यूपी में तीन चिड़ियाघर लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर में हैं। इसके अलावा इटावा में लॉयन सफारी है। इनके लिए भी अलग-अलग टिकट लेना होता है।
 टिकट, ठहरने और अन्य सुविधाओं की बुकिंग के लिए घर बैठे सुविधा उपलब्ध करवाने की तैयारी वन निगम ने कर ली है। वन निगम के एएमडी सुजॉय बनर्जी ने बताया कि सुविधा से पर्यटकों को काफी आसानी होगी। कई ईको टरिजम स्थलों पर पहले वे जानकारी और बुकिंग के लिए भटकते थे। अब वह घर से ही अपना ईको टूरिजम टूर प्लान करके बुकिंग करवा सकेंगे।