STF टीम पर कार सवार बदमाशों ने किया हमला, बरसाईं गोलियां

नवभारतटाइम्स.कॉम•
stf team attacked in a filmy style miscreants fired shots when stopped two jawans injured
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

सोहना एलिवेटेड हाइवे पर भोंडसी कट के पास शनिवार देर रात कार सवार बदमाशों ने स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की सेंट्रल यूनिट की टीम पर फिल्मी अंदाज में हमला कर दिया। तीन कारों में सवार करीब 10 से 12 बदमाशों ने नाकेबंदी के दौरान रोके जाने पर पुलिस की सरकारी गाड़ी को टक्कर मार दी। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और सरकारी वाहन के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की बात भी सामने आई है। एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई के बाद सभी आरोपी अपनी कारों में सवार होकर फरार हो गए। हमले में एसटीएफ के दो जवान घायल हुए हैं। भोंडसी थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बदमाश के आने की सूचना पर लगाया था नाका

पुलिस के अनुसार, एसटीएफ सेंट्रल यूनिट को शनिवार रात सूचना मिली थी कि एक नामी बदमाश गुड़गांव की ओर से सोहना एलिवेटेड हाइवे के रास्ते भोंडसी की तरफ आने वाला है। इसके बाद टीम ने रात करीब 9:30 बजे भोंडसी कट पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। रात करीब 10 बजे तीन अलग-अलग कारों में सवार युवक वहां पहुंचे। संदिग्ध गतिविधि देखकर टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन कार चालकों ने रफ्तार बढ़ा दी।