Sps Pot Of Sins Is Bursting Bjp State President Chaudhary
सपा के पाप का घड़ा भर चुका, फूट रहा है : चौधरी
Contributed by: deep.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 34वें स्थापना दिवस पर सपा पर निशाना साधा। कहा कि सपा के पाप का घड़ा अब फूटने जा रहा है। भाजपा प्रदेश कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने एक घड़ा भी फोड़ा। उस पर लिखा हुआ था-'सपा के पाप का घड़ा'। उन्होंने इस मौके पर 34 साल में सपा के 34 पाप भी गिनाए।
'काम कम, कांड ज्यादा किए'चौधरी ने कहा कि सपा ने डॉ. लोहिया के नाम पर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की, लेकिन यूपी में उनकी तीन सरकारों के कार्यकाल में काम कम और कांड ज्यादा नजर आते हैं। उन्होंने रामपुर तिराहा कांड से लेकर गेस्ट हाउस कांड और मुजफ्फरपुर दंगों सहित सपा शासन के कई कांड गिनाए। कहा कि 1994 में उत्तराखंड की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज किया और महिलाओं के साथ अभद्रता की घटनाएं हुईं। अगले ही साल लखनऊ में 1995 का गेस्ट हाउस कांड सपा की राजनीतिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल है।
ये भी आरोप
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश के सीएम बनने के बाद सत्ता का केंद्र परिवार के भीतर ही रहा। डिंपल यादव को निर्विरोध जितवाने के लिए प्रतिद्वंद्वियों को धमकी दिए जाने, मुख्यमंत्री के पास 50 विभाग अपने पास रखने और चुनिंदा जिलों में बिजली आपूर्ति जैसे मुद्दे भी बड़े सवाल हैं। मुजफ्फरनगर दंगों में आजम खां पर अधिकारियों के कामकाज में हस्तक्षेप करने और विशेष वर्ग के लोगों को बचाने के लिए दबाव बनाने के आरोप लगे। इस हिंसा में 60 से ज्यादा लोगों की मौत और 50 हजार से ज्यादा लोगों के विस्थापित होने की बात सामने आई।