Noida Residents Strongly Oppose Installation Of Charging Stations In Green And Play Areas
ग्रीन व प्ले एरिया में चार्जिंग स्टेशन लगाने का विरोध
Contributed by: pravesh.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक कैपटाउन सोसायटी में ग्रीन और प्ले एरिया में चार्जिंग स्टेशन लगाने को लेकर निवासियों का विरोध बढ़ता जा रहा है। रविवार को लोगों ने प्रदर्शन कर एओए के फैसले के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान ‘ग्रीनरी बचाओ-चार्जिंग स्टेशन हटाओ’ और ‘प्ले एरिया बचाओ-ध्वनि प्रदूषण घटाओ’ जैसे नारे लगाए गए।निवासी शैलेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए ग्रीन एरिया में लगे पौधों को काटा गया है। साथ ही वहां बैठने के लिए रखी बेंच भी हटा दी गई, ताकि लोग उस जगह का इस्तेमाल न कर सकें। निवासियों का कहना है कि ग्रीन और प्ले एरिया में चार्जिंग स्टेशन लगाना गलत फैसला है। नीरज भंडारी ने कहा कि ग्रीन एरिया में कमर्शल गतिविधि की अनुमति नहीं होनी चाहिए। वहां पहले से इलेक्ट्रिकल सब स्टेशन मौजूद है। चार्जिंग स्टेशन बनने से यह जगह और अधिक ब्लॉक हो जाएगी। वहीं, अमित अवस्थी ने कहा कि सोसायटी के लेआउट में चार्जिंग स्टेशन का कोई प्रावधान नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि इलेक्ट्रिकल सब स्टेशन में कोई अनहोनी होने पर रास्ता बाधित होने के कारण राहत और बचाव दल कैसे पहुंच पाएंगे।