शहर थाना क्षेत्र में गांव आल्हापुर के पास एक होटल में शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी के बाद 45 वर्षीय व्यक्ति की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या के बाद शव को कार में डाल ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे(केजीपी) के रास्ते गौतमबुद्ध नगर के दनकौर थाना क्षेत्र में गांव अटटा गुजरान के पास फेंक दिया। दनकौर पुलिस ने शव बरामद कर उसकी पहचान राजेंद्र शर्मा (45) निवासी मांदकौल के रूप में की।पुलिस पीआरओ संजय कादयान ने बताया कि मांदकौल निवासी वंश ने शिकायत में बताया कि उसके पिता राजेंद्र को कुछ लोग फोन करके अपने साथ ले गए। आरोप है कि उन्हें कार में बैठाकर नैशनल हाइवे पर गांव आल्हापुर के पास स्थित एक होटल में शराब पिलाने ले गए, वहीं पर वारदात को अंजाम दिया गया।