Who Is The King Of The Jungle Lion Vs Monkey Shocking Result With Foxs Trick
जंगल में SIR
नवभारतटाइम्स.कॉम•
जंगल में चुनाव होने थे, राजा चुनने के लिए। शेर को यह बात जमी नहीं। उसने कहा कि राजा वोटों से नहीं, ताकत से चुना जाता है। बंदर ने कहा, 'कई जानवर तो कहते हैं कि मुझे वोट दो, जंगल संवार दूंगा। लेकिन, चुनाव जीतने के बाद छोटे-मोटे जानवरों से बात तक नहीं करते।' बंदर की बात पर शेर को गुस्सा आ गया। उसने बंदर से कहा, 'तुम जंगलद्रोही हो।' लेकिन, काफी बहसा-बहसी के बाद शेर ने चुनाव की बात मान ली। उसे भरोसा था कि किसी जानवर में इतनी हिम्मत नहीं कि वह उसके खिलाफ वोट डाल सके।
बंदर का हौसला बढ़ गया। उसने शेर से कहा कि SIR करवा लेते हैं, क्योंकि यहां दूसरे जंगल के भी जानवर हैं। वे बिना डरे वोट करेंगे और आपको हरा देंगे। शेर ने पूछा, 'SIR करेगा कौन?' बंदर बोला, 'लोमड़ी, वह सबसे चालाक है और आपके लिए ही काम करेगी।' खैर, SIR की प्रक्रिया शुरू हुई। कई वोटरों के नाम कट गए। शेर को भरोसा हो गया कि अब उसे चुनाव में कोई नहीं हरा सकता। उसने बंदर को अपने खिलाफ चुनाव में उतरने को कहा, जिससे चुनाव लोकतांत्रिक लगे। वोटिंग का दिन आया। ज्यादातर ने शेर को वोट दिया। शेर विजयी घोषित हुआ। बंदर मायूस था। तभी लोमड़ी आई, 'शेर तो जंगल का वोटर ही नहीं है। पहले बगल वाले जंगल पर राज करता था। इसके माता-पिता का जिक्र भी पुरानी वोटर लिस्ट में नहीं है। ऐसे में विजेता कम वोट पाकर बंदर ही हैं।' शेर दहाड़ा, 'मैं इस चुनाव को नहीं मानता। मैं जंगल का राजा था और आजीवन रहूंगा।' वह बंदर को खाने दौड़ा, लेकिन बाकी जानवर बीच में आ गए। लोमड़ी ने कहा, 'नतीजा तो मानना ही होगा, क्योंकि चुनाव निष्पक्ष हुए हैं।'