Bjp Forms Strategy With Councilors For Graduate Elections Emphasis On Voter Contact
भाजपा ने पार्षदों के साथ बनाई रणनीति
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: आगामी स्नातक खंड चुनाव को लेकर भाजपा महानगर ने बुधवार को गोमतीनगर स्थित सीएमएस सभागार में पार्षदों के साथ संगठनात्मक तैयारी , मतदाता संपर्क और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी और स्नातक खंड प्रत्याशी ई. अवनीश कुमार सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा, उपनेता मुन्ना मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पार्षद मौजूद रहे।
डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि स्नातक खंड चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। प्रत्येक पार्षद अपने क्षेत्र में स्नातक मतदाताओं से निरंतर संपर्क करे, उन्हें मतदाता सूची, प्रक्रिया और मतदान की जानकारी दे। संगठन की ताकत आपसी समन्वय और प्रभावी संवाद में है। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि महानगर संगठन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। पार्षद अपने वाॅर्डों में मतदाताओं से संपर्क बढ़ाएं और सूची सत्यापन में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों का समन्वित प्रयास चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाएगा। प्रत्याशी अवनीश सिंह ने भी पार्षदों से संवाद कर फीडबैक लिया। पार्षदों ने अपने क्षेत्रों की स्थिति बताई और जनसंपर्क को लेकर सुझाव दिए।