No Compromise On Quality In Footpath Construction Gmda Ceo Gives Strict Instructions
‘फुटपाथ निर्माण में गुणवत्ता से नहीं हो समझौता’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर की सड़कों पर अब फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और ड्रेनेज को अलग-अलग नहीं, बल्कि एकीकृत योजना के तहत विकसित किया जाएगा। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी(CEO) पीसी मीणा ने बुधवार को सेक्टर-46/51 और सेक्टर-51/57 की मास्टर डिवाइडिंग रोड पर चल रहे फुटपाथ निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित व सुविधाजनक होने चाहिए। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए।जहां संभव हो, दोनों ओर पेड़ लगाए जाएं। इसके साथ हेज बनाया जाए, जिससे धूल नियंत्रित करने के साथ सड़क का सौंदर्य भी बढ़ेगा। फुटपाथ बनाते समय पहले हेज और ग्रीन बेल्ट बनाएं, जिसका लेवल सड़क से लगभग एक फुट नीचे हो, ताकि बारिश का पानी ग्रीन बेल्ट में जाए। पेड़ों और यूटिलिटी लाइन को ध्यान में रखा जाए। बिजली, पानी, सीवर आदि की मौजूदा यूटिलिटी को ध्यान में रखकर डिजाइन तैयार करें। फुटपाथ नालों के ऊपर नहीं बनाए जाएं। जहां ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर मौजूद है, वहां अलग अलाइनमेंट रखा जाए। जीएमडीए ने शहर के करीब 180 किमी मौजूदा फुटपाथ का व्यापक आंकलन कराया है। इनमें करीब 72 किमी फुटपाथ संतोषजनक स्थिति में पाए गए हैं।