Gurugram Negligence In Drainage Work Safety Questions Raised Increased Risk Of Accidents
ड्रेनेज कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लोगों ने उठाया सवाल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
सेक्टर-69 में GMDA की ओर से कराए जा रहे ड्रेनेज कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है। उन्होंने शिकायत देकर निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और वाहनों के लिए व्यवस्थित डायवर्जन नहीं होने से हादसे का खतरा बढ़ने की बात कही है। अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर तत्काल सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है।निर्माण के चलते सड़क के एक हिस्से को काट दिया गया है। वाहनों की आवाजाही के लिए उचित व्यवस्था न होने से मिट्टी वाले रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। लगातार धूल उड़ रही है, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। शिकायत में बताया गया है कि पहले से मौजूद नाले के हिस्से में RCC टूटने के कारण बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया है। वहीं, निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड नहीं होने के कारण रात के समय स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो जाती है। मांग की है कि रिफ्लेक्टिव चेतावनी संकेत, पर्याप्त बैरिकेडिंग, फ्लैशर और प्रकाश व्यवस्था की जाए, ताकि रात में वाहन चालकों को दूर से ही खतरे का पता चल सके। इसके साथ ही टूटे हुए RCC और गड्ढे को भी सुरक्षित कराया जाए।