प्रदर्शन पर पहरा... दिल्ली पुलिस ने कसी कमर

नवभारतटाइम्स.कॉम•
police vigil on protests in delhi strict watch on those coming from other states
Shanker.Singh

@timesofindia.com
n नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर मंतर पर 10 अक्टूबर के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस हेडक्वॉर्टर ने सभी थानों के SHO को संभावित भीड़, बाहरी राज्यों से आने वाली बसों और क्रिमिनल बैकग्राउंड वालों पर पहले से निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को हुई ऑनलाइन मीटिंग्स में बॉर्डर पर भी सख्त पहरा रखने को कहा गया। हालांकि पुलिस ने प्रदर्शन की इजाजत देने से इंकार किया है।

पुलिस अफसरों के मुताबिक, सभी SHO को अपने एरिया में संगीन अपराधों में शामिल रहे हिस्ट्रीशीटरों पर नजर रखने को बोला गया है। प्रदर्शन की आड़ में आपराधिक तत्वों के कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनने की आशंका जताई गई है। इसलिए लोकल पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों और अचानक बढ़ने वाली आवाजाही की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसका मकसद प्रदर्शन में शामिल होने वालों, भीड़ के इकट्ठा होने वाली जगहों और नई दिल्ली एरिया की तरफ बढ़ने वाले रूट का पता लगाना है।

आला अफसरों ने SHO को लोकल बस ऑपरेटर्स पर भी नजर रखने को कहा है। बसों की बुकिंग, उन्हें किराए पर लेने वालों और बसें कहां के लिए बुक की गई हैं, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी। इससे उन इलाकों का पता लगाने में मदद मिलेगी, जहां से ज्यादा तादाद में भीड़ नई दिल्ली की तरफ आ सकती है। बाहरी राज्यों से आने वाले प्रदर्शनकारियों के मद्देनजर UP और हरियाणा बॉर्डर पर कड़ी चौकसी पर जोर दिया गया है।