विभूतिखंड को जाम से बचाने के लिए बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग

नवभारतटाइम्स.कॉम•
vibhuti khand to get relief from traffic lda to build multi level parking
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: विभूतिखंड को भविष्य में जाम की समस्या से बचाने के लिए एलडीए ने अडवांस प्लानिंग शुरू कर दी है। विभूतिखंड और अयोध्या हाइवे के आसपास बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए यहां कई मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की तैयारी है। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने जोन के संबंधित इंजिनियरों को उपयुक्त जमीन तलाशकर जल्द प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

कॉर्पोरेट हब बनने से बढ़ेगा वाहनों का दबाव : एलडीए वीसी ने कहा कि विभूतिखंड आने वाले समय में शहर के बड़े कॉर्पोरेट हब के रूप में विकसित होगा। यहां लगातार कॉर्पोरेट कार्यालय, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स और बहुमंजिला इमारतें बन रही हैं। इससे आने वाले वर्षों में वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में समय रहते पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई तो सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग से जाम की समस्या गंभीर हो सकती है।
अयोध्या हाइवे के पास भी बनेगी पार्किंग : योजना में अयोध्या हाइवे और आसपास के क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है। यहां वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए पार्किंग स्थलों के लिए जमीन चिह्नित की जाएगी। पार्किंग बनने से सड़क किनारे खड़े वाहनों को व्यवस्थित जगह मिल सकेगी।