Love Should Be With Care Not With Kareena Sharp Comments From Litterateurs In Satire Assembly
प्यार करीना से नहीं, करीने से होना चाहिए...
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ : 23वें राष्ट्रीय पुस्तक मेले के सातवें दिन 'क्रियेटर लाउंज' में उत्तर प्रदेश साहित्य सभा की व्यंग्यसभा की ओर से 'छींटाकशी-2026' व्यंग्य पाठ का आयोजन किया गया। पंकज प्रसून के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के प्रमुख व्यंग्यकारों ने अपनी धारदार रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।
कार्यक्रम में मुकुल महान ने प्रेम के बदलते अंदाज़ पर अपनी विशिष्ट शैली में कहा- प्यार सैफ नहीं, सेफ होना चाहिए और प्यार करीना से नहीं, करीने से होना चाहिए। वहीं पंकज प्रसून ने चुटीली पंक्ति से कटाक्ष करते हुए कहा कि ज़रूरी नहीं कि आपका कुत्ता ही वफादार निकले, कभी-कभार वफादार भी कुत्ता निकल सकता है। अलंकार रस्तोगी ने बढ़ती हिंसा पर व्यंग्य किया कि जिस देश में कार में महज़ खरोंच लगने के कारण लोग एक-दूसरे की जान ले लेते हों, वहां यमराज के भैंसे को ओवरटाइम तो करना ही पड़ेगा। संजीव जायसवाल ‘संजय’ ने न्याय व्यवस्था पर सवाल किया। इसके अलावा सर्वेश आस्थाना, के. कांत अस्थाना और परवेश जैन ने भी व्यंग्य पाठ किया। अंत में वरिष्ठ साहित्यकार उदय प्रताप ने सभी व्यंग्यकारों को सम्मानित किया।यह कार्यक्रम भी खास
विमोचन: अखिल भारतीय साहित्य परिषद के काव्य समारोह में पायल लक्ष्मी सोनी की पुस्तक 'सिलवटें' का विमोचन हुआ।
कहानी संग्रह का विमोचन: डॉ. शिल्पी बख्शी शुक्ला के कहानी संग्रह 'स्पार्क' का विमोचन राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने किया।
युवा लेखक की कृति: 16 वर्षीय कार्त्तिकेय के कथा संग्रह 'द लाइट फ्लिकर्ड' का विमोचन हुआ।