Commercial Activities In Residential Area Several Pgs Offices Clinics Sealed In Sushant Lok 1
रिहायशी एरिया में चल रही थीं कमर्शल गतिविधियां, कार्रवाई
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, गुड़गांव
सुशांतलोक-1 के बी ब्लॉक में रिहायशी मकानों में नियमों का उलंघन कर कमर्शल गतिविधियों पर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की टीम ने कार्रवाई की। डिस्ट्रिक्ट टाउन प्लानर (DTP) अमित मधोलिया के नेतृत्व में गुरुवार को चलाए गए अभियान में कई मकानों में संचालित पीजी, कार्यालय, क्लिनिक-लैब और गोदाम को सील किया गया। कुछ मकानों के स्टिल्ट फ्लोर में किए गए अवैध निर्माण को भी तोड़ा गया।विभाग की टीम के मुताबिक, एक पूरी इमारत का इस्तेमाल कमर्शल गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। यहां कई कार्यालय संचालित मिले। जांच के बाद पूरी इमारत को सील कर दिया गया है। स्टिल्ट पार्किंग में बनाए गए कार्यालय को भी तोड़ा गया। एक स्टिल्ट फ्लोर पर बनाए गए अनधिकृत लीजर रूम और सर्वेंट रूम को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा सड़क की ROW में रखा डीजल जनरेटर भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान जांच करने पर एक भवन में 16 कमरों का पीजी चलता मिला, जबकि एक और अन्य में भी 16 कमरों का पीजी संचालित था। दोनों स्थानों को सील कर दिया गया है। 20 कमरों वाले पीजी पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। साथ ही एक बेसमेंट में क्लिनिक और लैब संचालित मिलने पर बेसमेंट सील कर दिया गया। विभागीय अधिकारियों के खिलाफ आने वाले समय में भी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई इसी तरह से जारी रहेगी।