Congresss Black Day Protest In Lucknow Against Vote Theft And Police Brutality
‘वोट चोरी’ पर कांग्रेस ने मनाया काला दिवस
Contributed by: ankur.tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और राहुल गांधी व प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं के साथ पुलिस के दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेश में ‘काला दिवस’ मनाया। राजधानी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से जीपीओ स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा तक शांति मार्च निकाला।
कांग्रेस का आरोप है कि माल एवेन्यू क्षेत्र में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर मार्च को रोक दिया। आगे बढ़ने को लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद आराधना मिश्रा मोना समर्थकों के साथ सड़क पर बैठ गईं। आरोप है कि इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदेश अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को बसों से इको गार्डेन ले गए। पार्टी ने आरोप लगाया कि रास्ते में दो बार बसें खराब होने से कार्यकर्ताओं को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। जहां पर पुलिस लाइन में रखा गया, वहां पर न लाइट की व्यवस्था और न ही पंखे की कोई व्यवस्था थी। कांग्रेस के अनुसार धक्का-मुक्की के दौरान कई महिला कार्यकर्ताओं और प्रदेश अध्यक्ष को चोटें भी आईं। इस मौके पर आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक आंदोलन जारी रहेगा। आज के शांति मार्च प्रमुख रूप से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व विधायक इंदल रावत, श्री शिव पांडेय, डाॅ. प्रमोद पांडेय, जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू व मुकेश सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।