Sps Vote Chor Gaddi Chhod Protest Targeting The Election Commission
सपा ने 'वोट चोर गद्दी छोड़' के लगाए नारे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ: राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर सपा महानगर ने गुरुवार को ' लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा ' निकाली। 2 से 8 अक्टूबर तक चले लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के अंतिम दिन महानगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी की अगुआई में सैकड़ों कार्यकर्ता कैसरबाग कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे।
सुबह 11 बजे से कैसरबाग स्थित महानगर कार्यालय पर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया। पुलिस बल भी भारी संख्या में तैनात रहा। कैसरबाग चौराहे से बस अड्डा होते हुए पदयात्रा जिला कलेक्ट्रेट पहुंची। पूरे रास्ते कार्यकर्ता ' वोट चोर गद्दी छोड़ , ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, लोकतंत्र का हत्यारा जैसे नारे लगाते रहे। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पहुंचकर सभी कार्यकर्ता जमीन पर बैठ गए और विरोध दर्ज करवाया। कार्यक्रम के अंत में युवा फ्रंटल संगठनों और लखनऊ बार असोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। वहीं, मार्च में पूर्व एमएलसी डॉ. मधु गुप्ता, विधायक पश्चिम अरमान खान, पूर्व मंत्री फिदा हुसैन अंसारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, पूर्व मेयर प्रत्याशी वंदना मिश्रा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पूजा शुक्ला, प्रदेश सचिव प्रदीप कनौजिया, महासचिव गौरव सिंह यादव प्रवक्ता दीपक रंजन, अनीस राजा, यामीन खान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड मो. एबाद, व्यापारी नेता पवन मनोचा समेत सभी विधानसभा अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।