सपा के तीन बागी विधायक 14 को होंगे भाजपाई

Contributed by: deep.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
three rebel sp mlas will become bjp on the 14th rakesh pratap singh confirms
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : सपा के तीन बागी विधायक 14 अक्टूबर को आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल होंगे। ये विधायक हैं अमेठी की गौरीगंज सदर सीट से विधायक राकेश प्रताप सिंह, अयोध्या की गोसाईंगंज सीट से विधायक अभय सिंह और जालौन की कालपी सीट से विधायक विनोद चतुर्वेदी। इनकी जॉइनिंग के लिए गौरीगंज में ही समारोह आयोजित किया गया है। इसमें स्मृति ईरानी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के प्रमुख नेता शामिल होंगे।

राकेश प्रताप सिंह ने खुद एक्स पर यह जानकारी दी है कि वह 14 अक्टूबर को भाजपा की सदस्यता लेने जा रहे हैं। उन्होंने लिखा है कि मेरे गौरीगंज के सम्मानित क्षेत्रवासियों, साथियो, शुभचिंतको और कार्यकर्ता बंधुओं, मैं 14 अक्टूबर को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने जा रहा हूं। उन्होंने अपनी पोस्ट में सुबह 11 बजे अपने निजी आवास मंगलम के प्रांगण में सदस्यता कार्यक्रम होने की जानकारी भी दी है। उन्होंने अपने समर्थकों से इसमें शामिल होने की भी अपील की है। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह एक बड़ा कार्यक्रम होगा। इसमें प्रताप सिंह के अलावा सपा के अन्य दो बागी विधायक अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी सहित कई नेता भाजपा में शामिल होंगे।
राज्य सभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग : राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी ने 2022 का विधानसभा चुनाव सपा के टिकट पर जीता था। फरवरी 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान इन्होंने क्रॉस वोटिंग करके भाजपा का साथ दिया था। इससे इनकी सपा से दूरियां बढ़ती गईं। बाद में सपा ने निष्कासित भी कर दिया था, लेकिन अब तक इन्होंने आधिकारिक तौर पर भाजपा की सदस्यता नहीं ली थी। अब 14 को भाजपा की सदस्यता लेने जा रहे हैं।

मजबूत होगी भाजपा की पकड़ : भाजपा सूत्रों के अनुसार तीनों ही बागी प्रत्याशियों को विधानसभा चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रही है। प्रत्याशियों का ऐलान तो बाद में होगा, लेकिन अभी से पार्टी जॉइन करवाने के बाद वे बतौर भाजपा सदस्य अपनी तैयारी और प्रचार कर सकेंगे। राकेश प्रताप सिंह 2012, 2017 और 2022 में तीन बार से गौरीगंज सीट से सपा के टिकट पर विधायक चुने गए हैं। विनोद चतुर्वेदी 2007 में कांग्रेस के टिकट पर उरई और 2022 में सपा के टिकट पर कालपी से विधायक रहे हैं। वहीं, अभय सिंह 2012 और 2022 में सपा के टिकट पर गोसाईंगंज सीट से विधायक रहे हैं। इनकी जॉइनिंग से भाजपा की इन क्षेत्रों में पकड़ आसान होगी।

रेकमेंडेड खबरें