It Stocks Shine In Stock Market Sensex And Nifty Rise 1 Tcs Shines
सेंसेक्स और निफ्टी ने IT शेयरों के दम से लगाई 1% की छलांग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, मुंबई: दो दिनों की भारी गिरावट के बाद शुक्रवार को शेयर बाजार में शानदार वापसी देखने को मिली। TCS समेत अन्य आईटी (IT) शेयरों में तेजी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के चलते बाजार में तेजी रही। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 879.09 अंक (1.23%) की बढ़त के साथ 72,472.33 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 1,075.96 अंक या 1.50 प्रतिशत चढ़कर 72,669.20 तक पहुंच गया था। वहीं, 50 शेयरों वाला निफ्टी 288.65 अंक (1.30%) उछलकर 22,520.45 के स्तर पर बंद हुआ। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 1,045.46 अंक (1.44%) टूटकर 71,593.24 पर बंद हुआ था। निफ्टी में 1.64 प्रतिशत की गिरावट आई थी।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में ITC सबसे ज्यादा 4.78 प्रतिशत चढ़ा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में 4.23 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए अपने शुद्ध लाभ में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है। दूसरी तरफ, रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ब्लू-चिप कंपनियों के इस समूह में एकमात्र नुकसान में रहने वाला शेयर रहा। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.32 प्रतिशत गिरकर 102.9 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।बीएसई मिडकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 1.59 प्रतिशत और स्मॉलकैप सेलेक्ट इंडेक्स में 0.56 प्रतिशत का उछाल आया। बीएसई के सभी सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। साप्ताहिक आधार पर देखें तो इस हफ्ते बीएसई सेंसेक्स में 562.63 अंक (0.78%) की तेजी आई, निफ्टी 98.5 अंक (0.43%) बढ़ा। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने गुरुवार को 12,943.58 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।